देश की शान

सांसद राजकुमार सांगवान ने सशक्त नेतृत्व ले लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का किया धन्यवाद

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। बागपत से सांसद राजकुमार सांगवान ने मुख्यमंत्री के दौरे के अवसर पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था एक मिसाल बन गई है

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। बागपत से सांसद राजकुमार सांगवान ने मुख्यमंत्री के दौरे के अवसर पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था एक मिसाल बन गई है, भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है और किसानों का हित सर्वोपरि रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से उत्तर प्रदेश अब "उत्तम प्रदेश" बन रहा है और योगी आदित्यनाथ इसे "सर्वोत्तम प्रदेश" बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। सांसद ने बागपत के विकास को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के अन्य शहरों की तर्ज पर विकसित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि मेरठ में मेट्रो परियोजना की तरह बागपत में भी रैपिड मेट्रो की जरूरत है, जिससे क्षेत्र का विकास चार गुना तेज होगा और दिल्ली के लोग यहां बसने के लिए आकर्षित होंगे। उन्होंने सोनीपत, फरीदाबाद, नोएडा, जेवर और बुलंदशहर के विकास मॉडल का हवाला देते हुए बागपत को औद्योगिक केंद्र बनाने की मांग की। सांसद ने महाकुंभ की सफल व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की और कहा कि योगी सरकार प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। बागपत में रोजगार और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए उन्होंने बड़ा अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज मिलने पर आभार जताया और ट्रॉमा सेंटर की भी मांग रखी। अंत में सांसद सांगवान ने जयंत चौधरी के मार्गदर्शन में कार्य करने की बात कही और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की।

 

बागपत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्किल इंडिया सेंटर से लाभान्वित अंशु, दीपा मलिक, उपेंद्र खोखर और मुकुल कुमार को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत दुग्ध उत्पादन प्रोजेक्ट हेतु प्रदीप कुमार और हार्डवेयर प्रोजेक्ट हेतु मनीष कुमार को ₹5 लाख के ऋण चेक प्रदान किए गए। कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के अंतर्गत कांति देवी और रोहताश देवी को 60 एचपी के ट्रैक्टर की चाबी दी गई, जिसमें ₹30 लाख के ट्रैक्टर पर ₹24 लाख का अनुदान दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हनीफा को और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत सुधा को आवास की चाबी सौंपी गई। सभी लाभार्थियों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और मुख्यमंत्री जी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।

 

इस अवसर पर कृष्णपाल मलिक राज्यमंत्री वन पर्यावरण जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, जसवंत सिंह सैनी राज्य मंत्री संसदीय कार्य तथा औद्योगिक विकास विभाग, अनिल कुमार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, सांसद डॉ राजकुमार सांगवान, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता किशोर, विधायक योगेश धामा, विधायक गुलाम मोहम्मद, विधान परिषद सदस्य धर्मेद्र भारद्वाज, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, विधान परिषद सदस्य दिनेश कुमार गोयल समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।