नई दिल्ली, 3 फरवरी 2025 – दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को यमुना नदी के प्रदूषित पानी को पीने की चुनौती दी है, जिससे दिल्लीवासियों के लिए पानी की गुणवत्ता पर बहस और भी तेज़ हो गई है।
यमुना नदी का प्रदूषण:
राहुल गांधी ने चुनावी सभा में यमुना नदी के पानी की बोतल दिखाते हुए कहा, "यह देखिए, यह आपका पीने का पानी है।" उन्होंने बोतल को खोलकर नाक के पास ले जाते हुए सूंघते हुए कहा, इसमें से बदबू आ रही है। इसके बाद उन्होंने केजरीवाल के पूर्व वादों का हवाला देते हुए कहा, केजरीवाल जी, दिल्ली का पानी पी लीजिए। एक गिलास पी लीजिए, फिर देखता हूं क्या होता है, अस्पताल में मिलेंगे आप सीधे।
केजरीवाल का पलटवार:
इससे पहले, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना नदी के पानी में अमोनिया मिलाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि हरियाणा की तरफ से आने वाले यमुना के पानी में अमोनिया की मात्रा 7 पीपीएम है। इसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा के हिस्से वाली यमुना का पानी पीकर दिखाया था। इसके जवाब में केजरीवाल ने दिल्ली में बह रही यमुना का पानी चार बोतल में भरकर तीन बीजेपी नेताओं और चौथी बोतल राहुल गांधी के पास भेजने की बात कही थी। अब राहुल गांधी उसी मुद्दे पर पलटवार करते हुए केजरीवाल के लिए बोतल में पानी भरकर लाए हैं और उन्हें गंदा पानी पीने की चुनौती दी है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र, यमुना नदी के प्रदूषण और पानी की गुणवत्ता पर यह बहस राजनीतिक माहौल को और भी गर्म कर रही है। जनता को इस मुद्दे पर जागरूक रहने की आवश्यकता है, ताकि वे अपने स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार निर्णय ले सकें।