केंद्रीय मंत्री गडकरी ने की डॉ. ‘गंभीर’ की पुस्तकों की सराहना

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रसिद्ध कवि मेरठ निवासी डॉ. ईश्वर चंद ‘गंभीर’ की समाजोन्मुखी रचनाओं की प्रशंसा की है।

मेरठ (एनएफटी रिपोर्टर) केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रसिद्ध कवि मेरठ निवासी डॉ. ईश्वर चंद गंभीरकी समाजोन्मुखी रचनाओं की प्रशंसा की है। गडकरी ने कहा कि डॉ. गंभीर’  जैसे रचनाकारों की कविताएं अधिक से अधिक लोगों के बीच जानी चाहिएं। इन रचनाओं से जनजागृति पैदा होगी। गडकरी ने उक्त उद्गार नई दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास पर डॉ. गंभीरसे मुलाकात के दौरान व्यक्त किए। इस अवसर पर अखिल भारतीय हिंदी सेवा समिति के प्रदेश कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा ने अंगवस्त्र, पटका पहनाकर संस्था की ओर से गडकरी को सम्मानित किया। मेरठ के पूर्व सांसद और भाजपा संगठनात्मक चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश अपीलीय समिति के चेयरमैन राजेंद्र अग्रवाल भी उपस्थित थे। डॉ. गंभीरने केंद्रीय मंत्री को अपनी कुछ पुस्तकें भेंट की। ज्ञातव्य है डॉ. ईश्वर चंद गंभीरकी विभिन्न विषयों पर 35 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनमें सड़क सुरक्षा, बेटी, जनसंख्या, धरोहर और पर्यावरण आदि शामिल हैं।